MP Board Exam 2021: मध्य प्रदेश बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 30 अप्रैल से शुरू होंगी। इस साल दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में 18 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। हालांकि, अभी बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी नहीं किया है। लेकिन बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल तैयार है और जल्द ही इसकी घोषणा होगी।
इसे भी पढ़ें-मेघालय में 1 फरवरी से फिर से खुलेंगे कॉलेज, जानिए कैसे संचालित होंगी कक्षाएं?
18 लाख 50 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल
वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से इस साल बोर्ड परीक्षाएं देरी से हो रही हैं। आम तौर पर दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं हर साल फरवरी व मार्च से शुरू हो जाती थीं, लेकिन इस बार सारे राज्यों की बोर्ड परीक्षाओं में देरी हुई है। इसके साथ ही ऑनलाइन कक्षाओं की वजह से कई राज्यों के छात्रों ने सिलेबस पूरा नहीं होने और पढ़ाई की तैयारी अच्छे से नहीं होने की भी शिकायत की है। मध्य प्रदेश बोर्ड के दसवीं और बारहवीं की परीक्षआओं में इस साल 18 लाख 50 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
इसे भी पढ़ें-सीबीएसई बोर्ड की दसवीं-बारहवीं की डेटशीट 2 फरवरी को होगी जारी: शिक्षा मंत्री निशंक
दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं इस साल पूरे दो महीने की देरी से शुरू हो रही हैं। ऐसे में परीक्षाओं का रिजल्ट भी अन्य सालों के मुकाबले देरी से आएगा। दसवीं की परीक्षाएं 15 मई और बारहवीं की परीक्षाएं 18 मई तक समाप्त होंगी। परीक्षाओं को लेकर आज यानी कि शुक्रवार को होने वाली माध्यमिक शिक्षा मंडल की बैठक में एग्जाम शेड्यूल पर मुहर लगेगी। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के पैटर्न में बड़ा बदलाव किया है। एमपीबीएसई ने 2020-2021 सत्र से दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में 30 फीसदी प्रश्न ऑब्जेक्टिव रखने का फैसला लिया है। इसके साथ ही दीर्घउत्तरीय प्रश्नों को परीक्षा में नहीं शामिल करने का निर्णय लिया है।