दिल्ली यूनिवर्सिटी में दाखिलों के मद्देनजर स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों की ओर से डीयू एडमिशन हेल्पलाइन पर रोजाना 120-130 कॉल्स आ रही हैं। दाखिला फार्म को भरने में हो रही त्रुटियों को ठीक करने के संबंध में ये कॉल्स आ रही हैं।
खास बात यह है कि कुछ कॉल्स ऐसी भी आई जिनका हेल्पलाइन काउंसलर के पास कोई जवाब नहीं था, जिस कारण काउंसलर दुविधा में हैं।
गत 7 मई से डीयू में दाखिले के लिए एडमिशन हेल्पलाइन शुरू की गई है।
हेल्पलाइन के एक काउंसलर ने बताया कि कॉल्स पर बहुत से छात्रों ने बताया कि आवेदन पत्रों में उनके अभिभावकों ने गलती से अपना खुद का विवरण भर दिया है। अब वह उस गलती को ठीक करना चाहते हैं।
वहीं, एक अन्य युवक ने काउंसलर को बताया कि उसने अपनी बहन का दाखिला फॉर्म भरते समय अपना खुद का नाम फार्म में भर दिया है, जिस कारण उसकी बहन को गर्ल्स कॉलेज में दाखिला नहीं मिल पाएगा।