NEET UG Round 2 Result Withheld: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट अंडरग्रेजुएट (NEET UG) 2025 काउंसलिंग के दूसरे दौर का फाइनल सीट आवंटन परिणाम वापस ले लिया है। इसके साथ ही रिपोर्टिंग प्रक्रिया भी फिलहाल रोक दी गई है।
सीटों संख्या दोगुनी दर्ज हो गई थी
एमसीसी ने बताया कि एक सरकारी मेडिकल कॉलेज ने गलती से उपलब्ध सीटों की वास्तविक संख्या से दोगुनी सीटें दर्ज कर दी थीं। इस कारण, राउंड 2 में उम्मीदवारों को गैर-मौजूद सीटें भी आवंटित हो गईं। इसी वजह से आज (18 सितंबर) घोषित फाइनल रिजल्ट को रद्द कर संशोधन करने का निर्णय लिया गया है।
एमसीसी ने अपने आधिकारिक नोटिस में कहा, “सक्षम प्राधिकारी ने निर्देश दिया है कि यूजी काउंसलिंग के दूसरे दौर का परिणाम संशोधित किया जाए। आज घोषित फाइनल रिजल्ट वापस लिया जा रहा है और रिपोर्टिंग प्रक्रिया को रोक दिया गया है।”
NEET UG Round 2 Result: आज ही जारी हुआ था सीट आवंटन परिणाम
इससे पहले एमसीसी ने आज ही उम्मीदवारों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों पर विचार करने के बाद राउंड 2 का फाइनल रिजल्ट जारी किया था। इस आवंटन में 2,400 से अधिक उम्मीदवारों की सीटें अपग्रेड हुई थीं और 31,000 से ज्यादा अभ्यर्थियों को मेडिकल या डेंटल कॉलेज आवंटित किए गए थे।