मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने अभ्यर्थियों को फर्जी अलॉटमेंट / नॉमिनेशन लेटर के खिलाफ आगाह किया है। इस संबंध में मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने एक नोटिस भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सेंट्रल पूल कोटा के तहत एमबीबीएस व बीडीएस कोर्सेज और एमडी, एमएस, डिप्लोमा, एमडीएस जैसे मेडिकल के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए फर्जी आवंटन व नामांकन पत्र जारी किए जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों को इस संबंध में आगाह करते हुए एमसीसी ने यह भी अपील की है कि अगर किसी स्टूडेंट या संस्थान के पास ऐसा कोई पत्र आता है, तो वह बिना देर किए नजदीकी पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराएं।
कमेटी ने बताया है कि सेंट्रल पूल कोटा के तहत मेडिकल के अंडरग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए योग्य अभ्यर्थियों को नॉमिनेशन लेटर सिर्फ स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किया जाता है। सभी मेडिकल व डेंटर कॉलेजों को भी यह निर्देश दिया गया है कि अभ्यर्थियों के दाखिले से पहले वे स्वास्थ्य मंत्रालय, एफडब्ल्यू व डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (भारत सरकार) से कन्फर्मेशन जरूर लें। यह इसलिए ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।