महाराष्ट्र में 24 जनवरी, 2022 से स्कूल खुलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड के स्कूल खोलने के प्रस्ताव पर सहमत हो गए हैं। गुरुवार को शिक्षा मंत्री ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि 24 जनवरी, 2022 से पहली से बारहवीं कक्षा के स्कूल कोरोना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने फैसला किया है नर्सरी कक्षाओं के स्कूल भी खोले जाएंगे। इससे पहले राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद स्कूलों को 15 फरवरी, 2022 तक बंद करने का फैसला लिया गया था।
इस फैसले को कुछ दिन बाद से ही राज्य के अभिभावकों ने सरकार से मांग की थी कि बच्चों की शिक्षा का बहुत नुकसान हो रहा है। शारीरिक माध्यम से कक्षाओं के संचालन में बच्चों को काफी जानकारी मिलती है। ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था में इंटरनेट की कमी के कारण कई बार कक्षाओं के संचालन में रुकावट भी आती है। ऐसे में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद स्कूलों व कॉलेजों को खोलने की अभिभावकों ने मांग की थी। इस मामले में सरकार के मंत्री व अधिकारी लगातार कोरोना के मामलों पर नजर बनाए हुए थे।