ध्यान देने का सही तरीका
अक्सर आपको सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं मिलती होंगी। नकारात्मकता को थोड़ी देर के लिए किनारे रखकर सकारात्मक हिस्से पर ध्यान दें। इससे आपके भीतर एक मानसिक स्पष्टता व संतुलन पैदा होता है, जिससे यह समझने में आसानी होती है कि आप क्या सही कर रहे हैं और किस दिशा में आगे बढ़ना है। हालांकि, सिर्फ प्रतिक्रिया स्वीकारना ही काफी नहीं है, बल्कि उसकी गहराई में जाएं, विश्लेषण करें और समझें कि आपके किन प्रयासों ने परिणाम पर वास्तविक प्रभाव डाला। यही अभ्यास आपकी समझ को मजबूत बनाकर रणनीति को बेहतर करता है।
जर्नलिंग की ताकत समझें
अगर आपको व्यक्तिगत रूप से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिले, तो बातचीत खत्म होने के बाद कुछ समय निकालें तथा लिखें कि आपने क्या किया, कैसे किया तथा उसका दूसरों पर क्या असर पड़ा? इसे जर्नलिंग कहा जाता है, जो आपको अपनी क्षमताओं को गहराई से समझने तथा अपने सर्वश्रेष्ठ स्वरूप को और निखारने की शक्ति देता है। साथ ही, आप जान पाएंगे कि कैसे छोटे-छोटे कदम भी बड़ी उपलब्धियों की नींव बन सकते हैं। इसके अलावा, काम के पूरा होने के बाद उसकी समीक्षा करना बेहद जरूरी है। इससे नए मानकों को तय करने तथा बेहतर तरीकों की पहचान करने का मौका मिलता है।
दूसरों पर प्रभाव डालें
अक्सर हम काम में सबसे ज्यादा मूल्यवान तब महसूस करते हैं, जब दूसरों पर उसके प्रभाव को देख पाते हैं। इसलिए, आपको ऐसी भूमिकाएं और अवसर तलाशने चाहिए, जहां आप न केवल निजी, बल्कि अपने पेशेवर समुदाय में भी दूसरों की सहायता कर सकें। यह आपके बेहतर व्यक्तित्व को तो दर्शाता ही है, नेतृत्व व सकारात्मकता का भी परिचय कराता है।
रिफ्लेक्टेड बेस्ट सेल्फ एक्सरसाइज
यह एक ऐसा तरीका है, जिसमें आप दूसरों से फीडबैक लेकर यह पता लगा सकते हैं कि आपकी ऐसी कौन-सी खासियतें हैं, जिन्हें आप खुद तो नहीं देख पाते, लेकिन लोग उन्हें सराहते और पसंद करते हैं।