केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बारहवीं के नतीजे जारी होते ही दिल्ली विश्वविद्यालय में भी दाखिले को लेकर हलचल तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को संभावित तिथियों व दाखिला नियमों को पारित करने के लिए स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की संभावित तिथि तय की गई।
डीयू में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू होने की संभावना है। वहीं पहली कट ऑफ लिस्ट 14 जून को आने की संभावना है। शुरुआत में पांच कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएंगी। अंतिम कट ऑफ लिस्ट 3 जुलाई को आने की संभावना है।
कमेटी के सदस्य डॉ. रसाल सिंह के अनुसार, अभी आवेदन व कट ऑफ जारी करने के लिए जो तिथियां तय की गई हैं, वह संभावित हैं। इसमें बदलाव हो सकता है। दूसरी कट ऑफ 19 जून, तीसरी कट ऑफ 24 जून, चौथी कट ऑफ 28 जून, पांचवीं कट ऑफ 3 जुलाई को आने की संभावना है। बैठक में यह भी तय किया गया है कि अब स्पोर्ट्स कोटे में उन्हीं खेलों के ट्रायल होंगे जो कि ओलंपिक, कॉमनवेल्थ व एशियाड में खेले जाते हैं।
डॉ. सिंह के अनुसार, अब सॉफ्टबॉल व कुछ अन्य खेलों से दाखिले नहीं होंगे। इस संबंध में स्टैंडिंग कमेटी में प्रस्ताव पास हो गया। वहीं डीयू में पीजी व यूजी के कुछ कोर्सेज में होने वाली प्रवेश परीक्षा अंग्रेजी के साथ हिंदी में करने के लिए इस प्रस्ताव को अकादमिक काउंसिल में भेजा गया है। इसके साथ ही सरकारी स्कूल व गांव के छात्रों के लिए एक फीसदी की छूट व ईडब्ल्यूएस कोटा लागू होने से वार्ड कोटे में भी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को काउंसिल में भेजा जा रहा है।