केरल सरकार ने गुरुवार को एसएसएलसी परीक्षाओं की तिथि जारी कर दी है। एसएसएलसी परीक्षा और उच्च माध्यमिक व व्यावसायिक उच्च माध्यमिक द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 17 मार्च 2021 से शुरू होंगी और 30 मार्च 2021 को खत्म होंगी। परीक्षाओं का आयोजन कोरोना वायरस से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों के तहत होगा।
इसे भी पढ़ें-Indian Army : भर्ती होने से पहले जाने सेना के बारे में, क्या होती हैं कोर, ब्रिगेड और बटालियन
परीक्षा की तारीखें केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में तय की गई। वहीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्र 1 जनवरी 2021 से फिर से स्कूल जा सकेंगे। स्कूलों को अगले साल से खोला जा रहा है। अभिभावकों की लिखित सहमति के बाद दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्र स्कूल जा सकेंगे। बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से मार्च से ही स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं और विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम के जरिए पढ़ाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें-फ्री में करें रेलवे NTPC और ग्रुप डी की पक्की तैयारी और पाएं सरकारी नौकरी
हालांकि, अभी शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। जल्द ही एसएसएलसी परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल जारी होगा। विद्यार्थियों को इसके लिए आधिकारिक साइट समय-समय पर चेक करनी चाहिए। वहीं, सूबे की सरकार छात्रों के बीच परीक्षा के तनाव को कम करने के लिए मॉडल परीक्षा और परामर्श सत्र आयोजित करने की योजना बना रही है।