Kerala VC Controversy: यूजीसी के नियमों के विपरीत एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) की नियुक्ति को रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के साथ, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने रविवार को राज्य में नौ विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से इस्तीफे की मांग की है।
राज्यपाल की ओर से केरल राजभवन द्वारा किए गए एक ट्वीट के अनुसार, नौ कुलपतियों में एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का नाम भी शामिल हैं। बता दें कि शीर्ष अदालत ने एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राजश्री एमएस की नियुक्ति को यह कहते हुए रद्द कर दिया था कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अनुसार, राज्य द्वारा गठित कुलपति सर्च कमेटी को चांसलर को इंजीनियरिंग विज्ञान के क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों के बीच में कम से कम तीन उपयुक्त व्यक्तियों के एक पैनल की सिफारिश करनी चाहिए थी। लेकिन इसके बजाय उसने केवल एक ही नाम भेजा। इसलिए उनकी नियुक्ति रद्द की गई है। इस आधार पर राजभवन की ओर से विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को तत्काल प्रभाव से इस्तीफे देने को कहा गया है।