जेएनयू में सेमेस्टर परीक्षा घर बैठे ओपन बुक पैटर्न पर आधारित होगी। ओपन बुक पैटर्न पर आधारित परीक्षा में नकल की गुंजाइश नहीं रहेगी क्योंकि प्रश्न पत्र इस तरह तैयार होंगे कि अगर छात्र ने पढ़ाई नहीं की है तो वह प्रश्नों को हल नहीं कर पाएगा। जेएनयू प्रशासन के घर बैठे सेमेस्टर परीक्षा आयोजित करने पर सरकार की भी सहमति मिल चुकी है।
दरअसल सरकार की समिति ने भी इंजीनियरिंग में ओपन बुक एग्जाम की सिफारिश कर रखी है। उम्मीद है कि शैक्षणिक सत्र 2020-21 में ओपन बुक के तहत परीक्षा पैटर्न में बदलाव हो सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, सभी स्कूल और सेंटर के डीन व चेयरपर्सन की बैठक आयोजित हुई थी। इसमें अधिकतर स्कूल व सेंटर के प्रमुख ने इच्छुक छात्रों के लिए घर बैठे सेमेस्टर परीक्षा आयोजित करने की मंजूरी दी है। सभी स्कूल व सेंटर के प्रमुख आगामी दस दिनों के अंदर सेमेस्टर परीक्षा आयोजित कर लेेंगे।
सेमेस्टर परीक्षा बीए, एमए, एमफिल व पीएचडी प्रोग्राम के सभी छात्रों के लिए आयोजित होगी। जो छात्र सेमेस्टर परीक्षा देने का इच्छुक होगा, उसे जोड़ा जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की पूरी कोशिश है कि सेमेस्टर परीक्षा आयोजित हो क्योंकि अधिकतर छात्रों ने प्रशासन व अपने स्कूल व सेंटर के प्रमुख से परीक्षा की मांग रखी थी।
इसी के तहत सेमेस्टर परीक्षा घर बैठे देने की सुविधा उपलब्ध करवायी जा रही है। इस नए परीक्षा प्रारूप में कोर्स प्रोजेक्ट, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग मॉडयूल, को-करिकुलर एक्सपीरियंस, मिनी प्रोजेक्ट, फाइनल इयर प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप एक्सपीरिंयस व ई-पोर्टफोलियो ऑफ स्टूडेंट वर्क शामिल होगा।