सीएम सोरेन ने कहा कि यह टेक्नोलॉजी का युग है। मशीनें दैनिक जीवन और कारखानों में अहम भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में आपका कुशल होना जरूरी है। सरकार का विशेष जोर राज्य के युवाओं को कुशल बनाने पर है और 300 करोड़ रुपये की लागत से रांची में एक कौशल विकास कॉलेज स्थापित किया जाएगा।
सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, खासकर आदिवासियों, दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए लागू की गई योजनाएं परिणाम दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए भी लगातार काम कर रही है।
सीएम सोरेन ने कहा कि शिक्षित ग्रामीण युवाओं को पंचायत स्तर पर दवा दुकानें संचालित करने का लाइसेंस दिया जा रहा है। इस व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हम एक मेडिकल सर्किट बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके तहत दवा दुकान संचालक डॉक्टरों से ऑनलाइन जुड़े रहेंगे ताकि आपात स्थिति में वे विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेकर मरीजों को दवाएं दे सकें।'
सोरेन ने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और अपोलो ग्रुप ने मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों सहित राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश करने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने फैसला किया है कि अब लड़के भी नर्सिंग का कोर्स कर सकेंगे। इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएंगी." मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही निजी क्षेत्र में 40,000 रुपये तक के मासिक वेतन वाली 75 प्रतिशत नौकरियों को स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित करने का कानून ला चुकी है।