राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की ओर से जेईई मेन 2022 सूचना पुस्तिका में दिए गए विस्तृत विवरण के अनुसार, इस बार जेईई मेन परीक्षार्थी अपनी पसंद के आधार पर परीक्षा केंद्र नहीं चुन पाएंगे। बीते साल तो एनटीए ने छात्रों को अपनी मर्जी से नजदीकी परीक्षा केंद्र चुनने की छूट दी थी। लेकिन इस बार छात्र द्वारा आवेदन पत्र में दिए पते (एड्रेस) के आधार पर ही परीक्षा केंद्र अलॉट किया जाएगा। हालांकि, बीते साल कोरोना संक्रमण और पाबंदियों के बीच, न्यूनतम दूरी की यात्रा करने पड़े इसलिए एनटीए ने छात्रों को परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प दिया था।
हालांकि, बीई और बीटेक के लिए सीबीटी यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। इसमें गणित, भौतिकी व रसायन शास्त्र विषय के कुल 90 प्रश्न पूछे जाएंगे। सेक्शन ए में फिजिक्स, कैमिस्ट्री व मैथ्स के 20-20 प्रश्न एमसीक्यू होंगे। सेक्शन बी में प्रत्येक विषय से 10-10 प्रश्न न्यूमेरिक वैल्यू बेस्ड पूछे जाएंगे। सेक्शन बी में 10 में से कोई 05 प्रश्न विद्यार्थियों को हल करने होंगे। इस प्रकार 90 प्रश्नों में से 75 प्रश्न विद्यार्थियों को हल करने होंगे। सही जवाब के लिए चार अंक मिलेंगे तो वहीं, गलत जवाब के लिए एक अंक काटा जाएगा। जबकि गत वर्ष तक न्यूमेरिकल वैल्यू बेस्ड प्रश्नों पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होती थी।