JEE Main 2021 : 12 जुलाई तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
- फोटो : अमर उजाला
इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा यानी जेईई के चौथे चरण के लिए पंजीकरण नौ जुलाई, 2021 से पुन: शुरू हो गया है। यह उन छात्रों को दूसरा मौका देने के लिए किया जा रहा है, जो कोरोना महामारी या लॉकडाउन या अन्य किसी भी कारण से मई सत्र की परीक्षा के लिए पंजीकरण नहीं कर पाए थे। ऐसे उम्मीदवार अब 12 जुलाई, 2021 की मध्य रात्रि तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
यह जानकारी छह जुलाई को एक लाइव संबोधन के दौरान तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने दी थी। उन्होंने जेईई तीसरे और चौथे चरण की परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा भी की। इसके साथ ही उन्होंने रजिस्ट्रेशन पोर्टल के खुलने और बंद होने की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया था कि परीक्षा के लिए पंजीकरण करने हेतु उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर विजिट करना होगा।
जेईई मेन 2021 की नई परीक्षा तिथियां
- तीसरा चरण : परीक्षाएं जो अप्रैल में होने वाली थीं, अब 20 जुलाई से शुरू होंगी और 25 जुलाई, 2021 तक चलेंगी।
- चौथा चरण : परीक्षाएं जो मई में होने वाली थीं, 27 जुलाई से शुरू होंगी और 02 अगस्त, 2021 तक जारी रहेंगी।
जेईई मेन 2021: पंजीकरण तिथियां
चौथा चरण : जेईई मेन के चौथे चरण के लिए पंजीकरण पोर्टल 09 जुलाई को खुल गया है और 12 जुलाई, 2021 को रात 11.50 बजे बंद हो जाएगा। वहीं इससे पहले, जेईई मेन तीसरे चरण के लिए पंजीकरण 06 जुलाई की शाम से शुरू हुए थे, जो 08 जुलाई को रात 11.50 बजे बंद हो गए।
परीक्षा केंद्र परिवर्तन हेतु आवेदन
वहीं, जो छात्र कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण अपने परीक्षा केंद्र बदलना चाहते हैं, वे संबंधित चरण की आवेदन तिथियों पर परीक्षा केंद्र परिवर्तन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को सरकार नजदीकी केंद्रों को आवंटित करने की पूरी कोशिश करेगी। उल्लेखनीय है कि सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या दोगुनी कर दी गई है।