जेईई मेन की परीक्षा के जून में होने की संभावना है। शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट के जरिए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि जेईई मेन की परीक्षा जून में होने की संभावना है। अभी हमारी प्राथमिकता छात्रों की सुरक्षा है। बता दें कि लॉकडाउन की वजह से जेईई मेन और जेईई एडवांस दोनों ही परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। जेईई मेन की परीक्षा 5, 7, 9 और 11 अप्रैल को होनी थी। लेकिन लॉकडाउन की वजह से इस परीक्षा को स्थगित कर दिया था। अब यह परीक्षा जून में हो सकती है।
जेईई मेन और जेईई एडवांस की परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कराती है। इससे पहले एक नोटिफिकेशन के जरिए एनटीए ने जेईई मेन की परीक्षा मई के आखिरी हफ्ते में करानी की बात कही थी। इसके बाद देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए जब दूसरे चरण का लॉकडाउन लगा तो यह परीक्षा फिर से स्थगित कर दी गई। अब संभावना है कि जेईई मेन की परीक्षा जून में होगी। लॉकडाउन की वजह से सभी स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं। कॉलेजों और स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। लॉकडाउन की वजह से कई प्रतियोगी परीक्षाओं को स्थगित किया गया है और कई परीक्षाओं की तारीख भी आगे बढ़ाई गई है। लॉकडाउन के चलते नेट परीक्षा के लिए आवेदन की आखिरी तारीख भी बढ़ाई गई है।