देश के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (Joint Entrance Examination - JEE) का आयोजन किया जाता है। इस बार भी संयुक्त प्रवेश परीक्षा मेन (JEE Main) जनवरी 2020 में होने जा रही है। इसके लिए आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। अब बारी है एडमिट कार्ड की।
जेईई मेन 2020 के पहले संस्करण का आयोजन 6 जनवरी 2020 से लेकर 11 जनवरी 2020 तक किया जाएगा। ये परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
हाल में जेईई मेन को लेकर विवाद भी हुआ था, जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिन्दी और अंग्रेजी के अलावा सिर्फ गुजराती भाषा में ये परीक्षा कराए जाने पर सवाल उठाया था। केंद्र सरकार से सवाल करते हुए ममता बनर्जी ने मांग रखी थी कि बांग्ला समेत सभी क्षेत्रीय भाषाओं में ये परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।
पहले तो एनटीए और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा इस पर कई ट्वीट्स हुए, अधिसूचनाएं जारी कर सफाई पेश की गई। बाद में मंत्रालय ने कहा कि 2021 से हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती के अलावा मराठी और तेलुगु में भी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। यानी इस बार भी ममता बनर्जी की मांग पूरी नहीं हो सकी है। मंत्रालय ने कहा कि जिस राज्य से सबसे ज्यादा आवेदक हैं, पहले वहां की भाषा को परीक्षा की भाषा के विकल्प क रूप में शामिल किया जा रहा है।