JEE Advanced 2024: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा एडवांस्ड (JEE Advanced 2024) के स्कोरकार्ड प्रकाशित कर दिए हैं। जो भी उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, वे आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in. पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। गौरतलब है कि जेईई एडवांस्ड परीक्षा के नतीजे 9 जून को घोषित किए गए थे। आंकड़ों के अनुसार, इस साल कुल 48,248 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है।
जेईई एडवांस्ड स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन नंबर, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि देनी होगी। जेईई एडवांस्ड 2024 परीक्षा 26 मई को दो शिफ्ट में आयोजित की गई थी - सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक। जेईई एडवांस्ड प्रोविजनल आंसर की 2 जून को जारी की गई थी। उम्मीदवार 3 जून तक प्रोविजनल आंसर की के खिलाफ आपत्तियां उठा सकते थे। जेईई एडवांस्ड फाइनल आंसर की 9 जून को जारी की गई थी।