प्रधानमंत्री ने कहा, हमारा सारा ध्यान रोजगार सृजन के हर उस अवसर को विकसित करने पर भी है जिस पर दुर्भाग्य से आजादी के बाद जितना ध्यान देना चाहिए था, उतना नहीं दिया गया। बजट में 50 नए पर्यटन केंद्र विकसित करने की घोषणा की गई है। जैसे केवड़िया-एकता नगर में यूनिटी मॉल है, वैसे ही हर राज्य में यूनिटी मॉल तैयार करने का एलान किया गया है। इनमें देशभर के यूनिक उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इन प्रयासों से लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। इसके अलावा एकलव्य स्कूल में भी करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है।
क्षमता बढ़ाने और ज्ञानवर्धन से होगा लाभ
सरकारी नौकरी पाने वालों से पीएम ने कहा कि यह आपके लिए और आपके परिवार के लिए उत्सव का क्षण है। हालांकि एक बात जरूर याद रखना, यह सिर्फ शुरुआत है। जीवन की एक नई यात्रा का आरंभ है। यदि आप सरकारी नौकरी पा लेने को ही अपना लक्ष्य मानकर बैठ जाएंगे तो आपका अपना व्यक्तिगत विकास रुक जाएगा। जिस मेहनत और लगन ने आपको यहां तक पहुंचाया है, उसमें कभी भी विराम मत आने देना, उसे आगे भी जारी रखना है। कुछ नया सीखने की ललक जीवनभर आपको आगे बढ़ने में मदद करती रहेगी। पीएम ने कहा कि अलग-अलग सेक्टर में भाजपा सरकार के प्रयासों ने युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए हैं। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन के लिए केंद्र सरकार ने एक ठोस रणनीति पर काम किया है। हमारा फोकस इन्फ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं के माध्यम से अधिकतम रोजगार बढ़ाने पर रहा।
पीएम ने कहा, युवाओं को अवसर देने और देश के विकास में उनके सामर्थ्य का उपयोग करने की दिशा में ये भाजपा की सरकारों की, हम सबकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ज्यादा से ज्यादा संख्या में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार के सभी विभाग और राजग की राज्य सरकारें लगातार काम कर रही हैं। केंद्र सरकार के अलावा अब राजग के शासन वाले 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लगातार रोजगार मेलों का आयोजन हो रहा है।
सरकार स्वरोजगार को दे रही बढ़ावा
पीएम ने कहा कि सरकार विकास के जिस समग्र दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है, उससे भी बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हो रहा है। नीतिगत स्तर पर हुए महत्वपूर्ण बदलावों से एक ऐसा इकोसिस्टम तैयार हुआ है, जिसमें स्टार्टअप को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। आज देश में 90 हजार से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं।
विनिर्माण हब बनेगा भारत
मोदी ने कहा कि जब विकास का पहिया तेज गति से चलता है तो हर सेक्टर में रोजगार का सृजन होने लगता है। देश में आज इन्फ्रास्ट्रक्चर, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य सेक्टर में विकास की परियोजनाओं में लाखों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दुनियाभर के विशेषज्ञ मान रहे हैं कि आने वाले वर्षों में भारत सबसे बड़ा विनिर्माण हब बनेगा। इसमें गुजरात की अहम भूमिका है। भारत में होने वाली इस क्रांति का नेतृत्व युवा ही करेंगे। गुजरात सेमीकंडक्टर का भी बहुत बड़ा हब बनने जा रहा है।
रोजगार कार्यालयों के माध्यम से 18 लाख युवाओं को नौकरियां
प्रधान मंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शासित उनके गृह राज्य गुजरात में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लगभग 18 लाख युवाओं को रोजगार कार्यालयों के माध्यम से नौकरियां मिलीं। कार्यक्रम में, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी भाग लिया और 2,500 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।