क्या हैं इसकी खासियतें?
यह कार्यक्रम केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर, लाइव संवादात्मक कक्षाएं, असाइनमेंट और कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन भी शामिल हैं। इसके पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आईआईटी, मद्रास सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों से सीखने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक कोर्स की अवधि आठ सप्ताह निर्धारित की गई है।
किन विषयों में कर सकते हैं पढ़ाई?
कार्यक्रम के तहत 17 भविष्य-केंद्रित विषयों में पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं।
विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में:
- डाटा साइंस एवं आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (एआई)
- इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम
- साइबर सुरक्षा
- मैथमेटिक्स एवं कंप्यूटिंग
इंजीनियरिंग के क्षेत्र में:
- एयरोस्पेस
- केमिकल इंजीनियरिंग
- मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग
- बायोलॉजिकल सिस्टम
- सिविल इंजीनियरिंग
इसके अलावा, विद्यार्थियों को आर्किटेक्चर एवं डिजाइन, गेम टेक्नोलॉजी, कानून, अर्थशास्त्र एवं वित्त, ह्यूमैनिटीज और इकोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी सीखने का अवसर मिलता है। साथ ही, गणितीय पहेलियों और फॉरेंसिक साइंस से जुड़े पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रुचि के अलग-अलग क्षेत्रों को समझ सकते हैं।
कोर्स की फीस और सर्टिफिकेट
इस कार्यक्रम के तहत स्कूलों के लिए आईआईटी, मद्रास के साथ साझेदारी करना निःशुल्क है, जबकि विद्यार्थियों को प्रत्येक कोर्स के लिए 500 रुपये का शुल्क देना होगा। एक कोर्स चक्र में विद्यार्थी केवल एक ही पाठ्यक्रम का चयन कर सकते हैं। निर्धारित असाइनमेंट पूरा करने और मूल्यांकन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने वाले विद्यार्थियों को आईआईटी, मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन की ओर से आधिकारिक ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया समझें
प्रवेश के लिए विद्यालय का कार्यक्रम से जुड़ा होना आवश्यक है। इच्छुक विद्यार्थी अपने विद्यालय से संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट code.iitm.ac.in/schoolconnect से जानकारी प्राप्त करें।
- विद्यार्थी नई रुचियों और संभावित करियर क्षेत्रों की पहचान कर सकते हैं।
- विज्ञान, वाणिज्य या मानविकी में से विषय समूह चुनने से पहले संबंधित क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
- अपनी रुचि और चुने गए विषय समूह के अनुरूप स्नातक पाठ्यक्रमों तथा करियर विकल्पों को समझ सकते हैं।