ओपन डे का महत्व
ओपन डे का आयोजन संस्थान के संस्थापक जे. एन. टाटा की जयंती और राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर किया जाता है। इस खास दिन IISc का कैंपस सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
आईआईएससी ने अपनी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, "सभी को आमंत्रित किया जाता है कि वे कैंपस में आएं और रोमांचक प्रदर्शनियों, प्रयोगों और तकनीकी नवाचारों का अनुभव करें।"
क्या होगा खास?
ओपन डे के दौरान, आईआईएससी के छात्र और शोधकर्ता अपने प्रोजेक्ट्स और विज्ञान व इंजीनियरिंग में नवीनतम उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे। आगंतुकों को वैज्ञानिक खोजों और तकनीकी नवाचारों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, कैंपस में लोकप्रिय व्याख्यान (पॉपुलर लेक्चर्स), पैनल चर्चाएं, प्रश्नोत्तरी (क्विज़) और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। ये कार्यक्रम संस्थान के विभिन्न विभागों और केंद्रों में होंगे, जहां विज्ञान प्रेमियों को विशेषज्ञों से बातचीत और उनके शोध कार्यों को समझने का मौका मिलेगा।
ओपन डे में प्रवेश निःशुल्क
आईआईएससी ने स्पष्ट किया है कि ओपन डे में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह कार्यक्रम उन छात्रों, विज्ञान प्रेमियों और आम जनता के लिए एक सुनहरा अवसर है जो विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में हो रही नई खोजों और अनुसंधानों को देखना और समझना चाहते हैं। आईआईएससी का ओपन डे विज्ञान और नवाचार को आम जनता के करीब लाने का एक बेहतरीन प्रयास है।