संबलपुर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के रोकथाम और क्षेत्र के विकास में सहायता करने के उद्देश्य से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) संबलपुर ने कलेक्टर-सह-जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। शुक्रवार को आईआईएम के निदेशक प्रोफेसर महादेव जायसवाल और जिला कलेक्टर शुभम सक्सेना की उपस्थिति में यह एमओयू पर दस्तखत किए गए थे।
आईआईएम ने किया टास्क फोर्स का गठन
प्रोफेसर जायसवाल बताते हैं कि सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स, ऑपरेशन्स और मैनपावर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में आईआईएम साइंटिफिक अप्रोच प्रदान कर सकता है। अस्पताल के बेड, डॉक्टरों, ऑक्सीजन, दवाइयां और सामाजिक संचार आदि के प्रबंधन के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। जिसमें आईआईएम के विशेषज्ञ और शिक्षक शामिल हैं।
इन क्षेत्रों पर काम करेगा आईआईएम
- इस समझौते के तहत आईआईएम शासन के लिए अनुसंधान और समाधान ढांचे को सक्षम बनाने में भी सहायता प्रदान करेगा। जैसे मूल्यांकन करने और ऐसे एप्लीकेशन व समाधान तैयार करना जो चिन्हित क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं के पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित करे।
- अनुप्रयोगों और समाधानों के एक नए वर्ग का निर्माण और चिन्हित किए गए क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं के वितरण को अनुकूलित करने पर भी काम किया जाएगा।
- संबलपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन का विकास, नागरिकों के स्वास्थ्य, हथकरघा और हस्तशिल्प के विकास, मिशन शक्ति जैसे तकनीकी क्षेत्रों में भी आईआईएम सहायता प्रदान कर सकता है।