इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) दिल्ली परिसर में स्थित स्वास्थ्य केंद्र के संचालन का जिम्मा अब अस्पताल को सौंपने की तैयारी है। केंद्र के संचालन के लिए संस्थान ने संबंधित क्षेत्र में पर्याप्त अनुभव और दिल्ली में सक्षम चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता रखने वाले योग्य अस्पतालों को चिकित्सा सेवाएं आउटसोर्स करने की योजना बनाई है। चयनित अस्पताल को संस्थान में स्वास्थ्य केंद्र का संचालन और प्रबंधन करना होगा। इसको लेकर संस्थान ने निविदा जारी कर अस्पतालों से प्रस्ताव मांगे हैं।
पूरे प्रबंधन की जिम्मेदारी अस्पताल की होगी
योजना के तहत परिसर में पहले से मौजूद दो से पांच बिस्तरों वाले स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करना होगा। जिससे छात्रों से लेकर कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। चयनित अस्पताल को केंद्र के लिए जरूरी चिकित्सा उपकरण, कर्मचारी, दवाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने के साथ पूरे प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
मरीजों का पंजीकरण, चिकित्सा रिकॉर्ड, ड्रेसिंग, प्राथमिक उपचार, पैथोलॉजी जांच में सहायता और बायोमेडिकल कचरे का निस्तारण का जिम्मा भी देखना होगा। स्वास्थ्य केंद्र में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, जरूरत के अनुसार स्त्री रोग और मेडिसिन सहित विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध करानी होगी। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नर्सिंग स्टाफ सभी दिन 24 घंटे कॉल पर उपलब्ध रहेंगे। स्वास्थ्य केंद्र में ड्रेसिंग, प्राथमिक उपचार और मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के लिए जरूरी उपकरण व प्रशिक्षित कर्मचारी रखने होंगे।
मरीजों का रखा जाएगा डिजिटल रिकॉर्ड
मरीजों के इलाज का पूरा रिकॉर्ड मेडिकल बुकलेट या डिजिटल माध्यम से रखना अनिवार्य होगा। इसमें मरीज की जांच के दौरान दर्ज स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां, बीमारी का निदान और डॉक्टर की ओर से दी गई दवाओं व उपचार संबंधी सलाह दर्ज करनी होगी। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में दवाएं और चिकित्सा उपभोग की सामग्री उपलब्ध रखनी होगी। सभी दवाओं और सामग्री की वैधता अवधि का ध्यान रखना होगा।
बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए कदम
संस्थान के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से जुड़ी चिकित्सा सेवाओं, उपकरणों, कर्मचारियों और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी चयनित अस्पताल की होगी। केंद्र से जुड़े किसी भी मेडिको-लीगल मामले की जिम्मेदारी भी अस्पताल और उसके सहयोगियों की होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य परिसर में ही प्राथमिक उपचार, विशेषज्ञ परामर्श और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।