S.H.I.N.E. 2026: भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) 11 और 12 अगस्त को S.H.I.N.E. 2026 कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 9 से 12 तक के करीब 30,000 छात्रों को वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार की दुनिया से परिचित कराया जाएगा। दो दिवसीय यह कार्यक्रम देशभर के 83 स्थानों पर आयोजित होगा, जहां छात्रों को वैज्ञानिकों से सीधे मिलने और उनके कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
DHR-ICMR की यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने छात्रों से एक दिन वैज्ञानिक के रूप में बिताने और विज्ञान के क्षेत्र को करीब से जानने के लिए कहा था।
छात्रों को वैज्ञानिकों और रिसर्च लैब से जुड़ने का मिलेगा मौका
दो दिन का यह कार्यक्रम देशभर के 83 केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें ICMR के संस्थान, DHR की मॉडल रूरल हेल्थ रिसर्च यूनिट्स (MRHRUs) और उनसे जुड़ी अन्य इकाइयां शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को वैज्ञानिकों से मिलने, रिसर्च के बारे में जानने और स्वास्थ्य व नवाचार से जुड़े कार्यों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव और ICMR के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें वैज्ञानिकों से बातचीत करने, रिसर्च लैब देखने और विज्ञान की दुनिया को समझने के इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए।