चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा प्रक्रिया में किस तरह के बदलाव या सुधार हों, इसका फैसला विद्यार्थी और अन्य हितधारक करेंगे। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (ICAI) ने परीक्षा प्रक्रिया में सुधार के लिए एक ऑनलाइन सर्वे की प्रक्रिया शुरू की है। इसमें प्रश्नावली के माध्यम विद्यार्थियों की राय लेने का प्रयास किया जा रहा है। प्राप्त सुझावों के आधार पर तय किया जाएगा कि सीए परीक्षा प्रक्रिया को कैसे बेहतर और स्टूडेंट फ्रेंडली बनाया जा सकता है।
बीते माह विद्यार्थियों ने सीए की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पर सवाल उठाते हुए संस्थान के बाहर कई दिन तक प्रदर्शन किया था। परीक्षा प्रणाली पर उठ रहे सवालों के बाद संस्थान ने एक पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित की थी। इस समिति को बदलाव के सुझाव देने का भी काम सौंपा गया था।
किस तरह दे सकते हैं सुझाव
अब इस समिति ने परीक्षा प्रणाली को लेकर विद्यार्थियों व अन्य हितधारकों से सुझाव लेने का फैसला किया है। सुझाव देने के लिए संस्थान की वेबसाइट पर एक लिंक उपलब्ध कराया गया है। लिंक पर प्रश्नावली के अनुसार विद्यार्थी अपने सुझाव 10 नवंबर तक दे सकते हैं। यह सुझाव 150 शब्दों से अधिक नहीं होने चाहिए। सुझाव देेने के लिए विद्यार्थियों को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी की जानकारी भी देनी होगी। ताकि समिति आगे की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए विद्यार्थी या अन्य किसी हितधारक से संवाद कर सके।
ये भी पढ़ें : ये हैं एशिया के टॉप 10 प्रबंधन संस्थान, जानें भारत में किसे मिला पहला स्थान
इन प्रश्नों पर मांगे गए हैं सुझाव
- परीक्षा आयोजित करने की संरचना कैसी हो
- प्रश्न पत्र की संरचना, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया कैसी हो
- चरणबद्ध तरीके से अंकों को प्रदान करने की पद्धति
- उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन की मौजूदा व्यवस्था
- उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन
- आवश्यक हो तो प्रक्रियात्मक परिवर्तन, नई तकनीक को अपनाना और मौजूदा तकनीक में परिवर्तन
- क्या कोई विनियामक परिवर्तन आवश्यक है
ये भी पढ़ें : दीक्षांत समारोहों में कपड़ों को लेकर आया नया निर्देश, अब सिर्फ भारतीय परिधान काफी नहीं
इसके अलावा सीए परीक्षा से संबंधित कोई अन्य मामला हो, तो उस पर भी विद्यार्थियों को अपने सुझाव देने हैं।