इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI - Institute od Chartered Accountants of India) के अध्यक्ष प्रफुल्ल छाजेड ने CA के छात्रों व शिक्षकों को आश्वासन दिया है कि वह उनकी शिकायत सुनने और उसकी जांच के लिए एक स्वतंत्र कमेटी बनाएंगे। उनका कहना है कि आईसीएआई की परीक्षा प्रक्रिया में कॉपियों की जांच की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी कई स्तर पर निगरानी की जाती है।
प्रफुल्ल छाजेड के अनुसार, 'हम एक स्वतंत्र और उच्च स्तरीय कमेटी बनाने पर विचार कर रहे हैं। यह कमेटी छात्रों की समस्या पर विचार करेगी और भविष्य में किसी तरह के सुधार के लिए रोडमैप भी तैयार करेगी।' ये बातें उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।
ये भी पढ़ें : विवादों के बीच ICAI का फैसला, अब ओएमआर शीट पर होगी CA परीक्षा
क्या है मामला
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों सीए छात्र और शिक्षक आईसीएआई के खिलाफ सड़क पर उतर आए। संस्थान द्वारा ली जाने वाली परीक्षा प्रक्रिया, कॉपियों की जांच में गड़बड़ी और कॉपियों की दोबारा जांच का नियम न होने को लेकर वे आईसीएआई का विरोध कर रहे हैं।
इन छात्रों की मांग है कि आईसीएआई उन्हें कॉपियों की दोबारा जांच करने का मौका दे। ताकि एग्जामिनर की गलती के कारण किसी परीक्षार्थी के साथ अन्याय न हो। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को ओएमआर शीट पर लाने और डिजिटल तरीके से कॉपियों की जांच करने की भी मांग रखी गई थी।
हाल में जारी एक अधिसूचना के अनुसार, आईसीएआई नवंबर 2019 में होने वाली सीए इंटरमीडिएट व सीए फाउंडेशन लेवल परीक्षाएं ओएमआर शीट पर आयोजित करेगा।
आईसीएआई ने बताया है कि मई 2019 की परीक्षा में 30 अंकों के ऑब्जेक्टिव टाइप सवालों की शुरुआत की गई थी। अब फाइनल कोर्स के लिए पेपर 6A और पेपर 6F की परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी। इसकी जांच भी मशीन द्वारा डिजिटली की जाएगी।
ये भी पढ़ें : UGC और AICTE हो जाएंगे खत्म? कैबिनेट के सामने आने वाला है विधेयक
एग्जामिनर्स की भी होगी परीक्षा
आईसीएआई ने अपनी अधिसूचना में कहा है कि कॉपियों की जांच करने वाले एग्जामिनर्स को भी हर तीन साल में एक बार ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी।
विवादों के संबंध में संस्थान ने लिखा है कि 'हमें खबर मिली है कि सीए परीक्षाओं की कॉपियों की जांच को लेकर आईसीएआई के खिलाफ सोशल मीडिया पर कई रिपोर्ट व वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। इसलिए संस्थान ने ये नई व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है।'
ये भी पढ़ें : भारत में किस देश से आते हैं सबसे ज्यादा छात्र, उत्तर प्रदेश भी है इनकी पसंद