HSSC CET Exam: हरियाणा सरकार ने जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली एचएसएससी सीईटी परीक्षा के लिए परिवहन व्यवस्था की पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को लाने और ले जाने के लिए फ्री बस सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी। उम्मीदवार hartrans.gov.in लिंक पर जाकर एडवांस में सीट बुक कर सकते हैं। निकटतम प्वाइंट तक शटल सेवा भी दी जाएगी।
परीक्षा तिथि और समय
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा आयोजित CET 2025 परीक्षा 26 और 27 जुलाई 2025 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दोनों दिनों में दो-दो शिफ्टों में होगी, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को शामिल किया जा सकेगा।
पहली शिफ्ट सुबह 10:00 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट 03:15 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। 27 जुलाई को भी परीक्षा इन्हीं दो शिफ्टों में करवाई जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी शिफ्ट और परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड से समय पर जांच लें।
परीक्षा पैटर्न और न्यूनतम अर्हता अंक
हरियाणा सीईटी 2025 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) होंगे, जो कुल 100 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि 1 घंटा 45 मिनट निर्धारित की गई है। चयन के लिए न्यूनतम अर्हता अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य श्रेणी के लिए 50% और आरक्षित श्रेणियों (SC/ST/OBC आदि) के लिए 40% अंक अनिवार्य हैं।
इतने लाख युवाओं ने बस बुकिंग के लिए कराया पंजीकरण
26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सीईटी परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों में भारी उत्साह है। परीक्षा को लेकर बस की बुकिंग के लिए 11 घंटे में करीब 9 लाख 15000 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर दिया है।