मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने लॉकडाउन के दौरान दिक्कतों का सामना कर रहे विद्यार्थियों के लिए पोर्टल लॉन्च किया है। सबसे खास बात है कि इस पोर्टल को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई ) के दो इंटर्न ने बनाया है। शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शुक्रवार को इस पोर्टल को लॉन्च किया। यह पोर्टल सहायता मांगने और सहायता करने वाले लोगों को आपस में जोड़ेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि यह पोर्टल ऑनलाइन कक्षाएं ही नहीं बल्कि उपस्थिति, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य, परिवहन और खाद्य आदि सेवाओं में भी मदद करेगा। रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ाई के इस निर्णायक मोड़ में 5600 से ज्यादा कॉलेज मदद के लिए आगे आए हैं। जो भी विद्यार्थी किसी भी तरह की परेशानी का सामना कर रहे होंगे वो इस पोर्टल से सीधे जुड़ सकते हैं।
गौरतलब है कि इस वक्त देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है जो कि 14 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। लॉकडाउन की वजह से स्कूल, कॉलेज एवं उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं और कई प्रतियोगी परीक्षाओं को भी स्थगित किया गया है। कई विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। दिल्ली यूनिवर्सिटी में भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है। मानव संसाधन मंत्रालय पहले ही इस तरह के कुछ पोर्टल की सूची जारी कर चुका है जिसके जरिए विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। ये पोर्टल यूजी और पीजी समेत अन्य कोर्स के विद्यार्थियों के लिए हैं। इनमें स्वंय एप और ई-पीजी पाठशाला प्रमुख है।