SQ3R मेथड
SQ3R विधि तथ्य की पहचान करने और जानकारी को याद रखने की एक कारगर तकनीक है। SQ3R में सर्वे, क्वेश्चन, रीड, रिसाइट और रिव्यू जैसे पांच चरण होते हैं।
- पहले चरण में किसी नए पाठ को शुरू करने से पहले शीर्षक, उपशीर्षक, चित्र और सारांश को पढ़ना चाहिए।
- दूसरे चरण में पैराग्राफ के शीर्षक को प्रश्न में बदलकर पढ़ें।
- तीसरे चरण में पूरा पाठ पढ़ने के दौरान तैयार किए गए प्रश्नों के उत्तर खोजें और शॉर्ट-नोट्स बनाएं।
- चौथे चरण में पाठ में जो कुछ भी पढ़ा है, उसे अपने शब्दों में दोहराएं।
- पांचवें चरण में 24 घंटे के भीतर समग्र पाठ की समीक्षा अवश्य करें।
PQ4R मेथड
इसमें प्रीव्यू, क्वेश्चन, रीड, रिफ्लेक्ट, रिसाइट और रिव्यू जैसे छह चरण हैं।
- पहले चरण में केवल पाठ के शीर्षकों तथा अनुभाग को पढ़ें और प्रत्येक पैराग्राफ में चित्रों के कैप्शन, चार्ट और ग्राफ को ध्यान से देखें।
- दूसरे चरण में पढ़े गए विषयों से संबंधित प्रश्न तैयार करें।
- तीसरे चरण में महत्वपूर्ण टॉपिक के नोट्स बनाएं।
- चौथे चरण में जो कुछ भी पढ़ा है उस पर विचार करें और यह आंकलन करें कि पाठ का प्रत्येक पैराग्राफ पाठ से कैसे संबंधित है।
- पांचवें चरण में आपने जो कुछ भी पढ़ा है, उसके सारांश को अपने शब्दों में लिखें।
- छठे चरण में पाठ के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार करते हुए उन प्रश्नों का जवाब देने का प्रयास करें।
फेनमैन तकनीक
फेनमैन टेक्निक के जरिये किसी अवधारणा को स्पष्ट व सरल शब्दों में आसानी से समझा जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले नोट बुक के शीर्ष पर विषय और अवधारणा का नाम लिखकर उसे अपने शब्दों में लिखें। इसके बाद लिखे गए बिंदुओं की समीक्षा करें और स्वयं का मूल्यांकन करें कि आप कहां गलत हैं। अंत में यह जांच करें कि क्या आपने लेखन के दौरान तकनीकी शब्द या कठिन भाषा का प्रयोग किया है। यदि हां, तो अवधारणा को दोबारा सरल शब्दों में लिखें
स्पेस्ड टेक्निक
इस तकनीक के अंतर्गत पहले दिन नोट्स, किताबें या किसी अन्य सामग्री से पढ़ाई करें। दूसरे और तीसरे दिन सामग्री को पुन: देखें या समीक्षा करें। अब एक सप्ताह बाद उक्त विषय या टॉपिक का दोबारा रिवीजन करें। इस प्रक्रिया का निरंतर पालन करने से किसी भी विषय या टॉपिक को लंबे समय तक याद रखा जा सकता है।