देश के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस प्रोग्राम में दाखिले के लिए नीट 2020 परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाई जाए या नहीं, इस पर अंतिम फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय लेगा। इस मुद्दे पर सोमवार या मंगलवार को मानव संसाधन विकास मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच बैठक होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय का जो भी फैसला होगा, उसे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) लागू करेगी। इसके आधार पर उम्मीद है कि 30 जून तक जेईई मैन और नीट परीक्षा की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मेडिकल दाखिले की प्रवेश परीक्षा नीट में मानव संसाधन विकास मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का जिम्मेदारी सिर्फ परीक्षा आयोजित करने की है। इसमें किसी भी तरह के बदलाव का फैसला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ही लेगा, क्योंकि मेडिकल कॉलेज और मेडिकल दाखिले का काम अधीनस्थ विभाग या संस्थाएं करती हैं।