GATE Exam 2026 Notification: आईआईटी गुवाहाटी ने गेट 2026 (GATE 2026) की सूचना जारी कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 अगस्त से आधिकारिक वेबसाइट gate2026. iitg.ac.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। यह परीक्षा इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, विज्ञान, वास्तुकला और मानविकी जैसे विषयों में पॉस्टग्रेजुएट और डॉक्टरेट कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।
2 जनवरी को जारी होगा प्रवेश पत्र
आईआईटी गुवाहाटी ने जानकारी दी है कि GATE 2026 परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी को आयोजित की जाएगी। पंजीकरण प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू होगी और उम्मीदवारों के पास आवेदन करने की आखिरी तारीख 25 सितंबर 2025 होगी।
गेट 2026 परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पूर्वाह्न सत्र 9:30 बजे से 12:30 बजे और अपराह्न सत्र 2:30 बजे से 5:30 बजे। प्रवेश पत्र 2 जनवरी 2026 से डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे, जबकि स्कोर कार्ड उम्मीदवार 27 मार्च से 31 मई 2026 तक मुफ्त में डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा में जोड़ा गया नया पेपर
इस बार GATE 2026 में इंजीनियरिंग साइंस (XE) के अंतर्गत ऊर्जा विज्ञान का नया पेपर जोड़ा गया है। हालांकि, कुल परीक्षा पत्रों की संख्या 30 ही रहेगी। परीक्षा कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में दो शिफ्टों में होगी - सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक।
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
गेट 2026 का पूरा आवेदन प्रोसेस ऑनलाइन होगा, जिसमें फॉर्म भरना, शुल्क भुगतान और जरूरी दस्तावेज अपलोड करना शामिल है। आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार अलग-अलग तय किया गया है। महिला उम्मीदवारों, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए शुल्क 1,000 रुपये (नियमित अवधि) और 1,500 रुपये (विस्तारित अवधि) है। अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए शुल्क 2,000 रुपये (नियमित अवधि) और 2,500 रुपये (विस्तारित अवधि) रखा गया है।