GATE 2025: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2025 के लिए आवेदन सुधार प्रक्रिया आज, 31 अक्तूबर से शुरू कर दी है। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट (gate2025.iitr.ac.in) के माध्यम से अपने आवेदन पत्र में बदलाव कर सकते हैं।
गेट आवेदन पत्र में बदलाव करने के लिए उम्मीदवारों को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल जैसे पंजीकरण संख्या और जन्म तिथि का उपयोग करना होगा। शेड्यूल के अनुसार, गेट 2024 आवेदन सुधार लिंक 6 नवंबर, 2024 तक उपलब्ध रहेगा।
परीक्षा प्राधिकरण ने फरवरी 2025 की सीबीटी परीक्षा की तैयारी में उम्मीदवारों की सहायता के लिए गेट 2025 मॉक टेस्ट लिंक भी जारी किए हैं। मॉक टेस्ट लिंक 38 विषयों के लिए सक्रिय किया गया है।
परीक्षा की तिथि और समय
परीक्षा 1, 2, 15 और 16 फरवरी को आयोजित होने वाली है। गेट परीक्षा कार्यक्रम 30 टेस्ट पेपर के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की अवधि तीन घंटे की होगी। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।
केवल इन विवरणों में कर सकते हैं बदलाव
आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, उम्मीदवार गेट 2025 सुधार सुविधा के माध्यम से श्रेणी, पेपर, परीक्षा शहर में बदलाव कर सकेंगे, एक अतिरिक्त टेस्ट पेपर जोड़ सकेंगे या व्यक्तिगत विवरण अपडेट कर सकेंगे। एडमिट कार्ड 2 जनवरी, 2025 को जारी किया जाएगा और परिणाम 19 मार्च, 2025 को घोषित किए जाएंगे।