ट्वीट करके भी दी गई संशोधन की जानकारी
GATE 2024 की आधिकारिक वेबसाइट पर लिखा है, "GATE 2024 के लिए आवेदन पोर्टल 30 अगस्त 2023 तक खुलने की उम्मीद है।" इससे पहले, IISC बैंगलोर को GATE परीक्षा 2024 के लिए पंजीकरण बीते कल, यानी 24 अगस्त से शुरू करना था। हालांकि, इसकी जानकारी परीक्षा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके भी दी गई है। ट्वीट में लिखा है -
“प्रिय आवेदकों: हम जानते हैं कि आप सभी आवेदन पोर्टल के खुलने की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं! एप्लिकेशन पोर्टल 30 अगस्त 2023 तक खुलने की उम्मीद है। जब तक हम आपके एप्लिकेशन अनुभव को सहज और निर्बाध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, आपके धैर्य के लिए धन्यवाद।"
कौन दे सकता है GATE 2024 परीक्षा?
कोई भी छात्र, जो वर्तमान में किसी स्नातक कार्यक्रम के अंतिम वर्ष में पढ़ रहा है या जिसने इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, विज्ञान, वास्तुकला (architecture) या मानविकी (humanities) में से किसी गवर्नमेंट अप्रूव्ड डिग्री को पूरा कर लिया है, वह GATE 2024 के लिए आवेदन कर सकता है।
इतनी है फीस
एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी श्रेणियों से संबंधित महिला उम्मीदवारों को GATE 2024 आवेदन शुल्क के रूप में 900 रुपये और विलंब शुल्क के रूप में 1,400 रुपये का भुगतान करना होगा। अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,800 रुपये और विलंब शुल्क के साथ 2,300 रुपये है।
3 फरवरी से होनी है परीक्षा
GATE 2024 के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 3, 4, 10 और 11 फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर की, यानी दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।