भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT Delhi)दिल्ली ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) परीक्षा 2020 का शेड्यूल जारी कर दिया है। सिविल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग पेपर दो सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। बाकि अन्य 23 विषयों के पेपर एक-एक सत्र में आयोजित किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट्स में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलेगी। जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2.30 बजे से शुरू होकर शाम 5.30 बजे तक चलेगी। सभी परीक्षाओं का आयोजन 8 सत्रों में किया जाएगा।
बता दें कि पिछले साल, 9.27 लाख परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे।आईआईटी में एमटेक शुल्क बढ़ोतरी के एचआरडी मंत्रालय के फैसले के बाद आवेदनों की संख्या घटने की उम्मीद थी। सबसे ज्यादा आवेदन 1,71,432 मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमई) के लिए किए गए हैं , जबकि सबसे कम आवेदन 1,750 इकोलॉजी एंड इवोल्यूशन (ईवाई) के लिए आए हैं। बायोमेडिकल इंजीनियरिंग (बीएम) परीक्षा पहली बार गेट परीक्षा में शामिल की गई है, जिसके लिए 2,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली ने ग्रेजुएट एप्टीट्यू़ड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2020 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 03 सितंबर 2019 से शुरु कर दिए थे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 सिंतबर निर्धारित की गई थी। इसके बाद अंतिम तिथि 05 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा में आवेदन कर0000ने के लिए 1500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया था। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये था।
बता दें कि गेट परीक्षा हर साल इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc),और सात आईआईटी बॉम्बे, दिल्ली, गुवाहाटी, कानपुर, खड़गपुर, मद्रास, रूड़की द्वारा आयोजित किया जाता है। यह नेशनल को-ऑर्डिनेशन बोर्ड (NCB), उच्च शिक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास मंत्रालय (MHRD), केंद्र सरकार के अधीन आता है।
कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर गेट के लिए विशेष रूप से तैयार टेस्ट सीरीज से संबंधि पोस्ट वायरल हो रहा था। इसके लिए आईआईटी दिल्ली ने सूचना जारी कर कहा था कि गेट 2020 के लिए आधिकारिक तौर पर किसी तरह की विशेष रूप से तैयार की गई टेस्ट सीरीज (GATE 2020 Specially designed test series) जारी नहीं की गई है। प्राधिकारण ऐसी कोई टेस्ट सीरीज बनाने में शामिल नहीं है। कुछ लोग इस तरह के फर्जी ई-मेल फैला रहे हैं। उम्मीदवार ऐसे किसी फर्जी ई-मेल्स पर भरोसा न करें। साथ ही ध्यान रखें कि गेट 2020 से संबंधित कोई भी सूचना आपको इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर ही दी जाएगी। उन्हीं सूचनाओं पर भरोसा करें।