इंटरनेशनल क्रिकेट में तूफानी गेंदबाजी से अलग पहचान बनाने वाले ब्रेट ली का भारत के साथ नाता किसी से छिपा नहीं है। ब्रेट ली खुद मानते हैं कि वह अब आधे भारतीय हो चुके हैं। कुछ दिनों पहले ब्रेट ली का बरेली आना हुआ। मौका था
इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के चौथे दीक्षांत समारोह का, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के इस स्टार क्रिकेटर को डॉक्टरेट का उपाधि से नवाजा गया। सम्मान पाने के बाद ब्रेट ली भावुक नजर आए। पहली बार बरेली आए ब्रेट ली को यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने डॉक्टरेट की उपाधि दी, जिसे पाने के बाद ब्रेट ली बेहद खुश नजर आए।
500 छात्रों को दी गई डिग्री
इन्वर्टिस यूनिवसिटी के चौथे दीक्षांत समारोह में पूनम ढिल्लों और ब्रेट ली के अलावा सेलिस्बरी (अमेरिका) की मेयर करेन एलेक्जेन्डर, लिविंगस्टोन कॉलेज (अमेरिका) के टोनी बाल्डविन को भी डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह में यूनिवर्सिटी के 500 छात्रों ने डिग्री को प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह में सभी विभाग के ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, पीएचडी और डिप्लोमा टॉपर्स को 43 गोल्ड, 39 सिल्वर एवं 42 ब्रॉन्ज मेडल्स से सम्मानित किया गया। समारोह में छात्रों के साथ इन्वर्टिस के शिक्षक आनंद शुक्ला को भी पीएचडी इन कंप्यूटर साइंस की डिग्री से नवाजा गया। समारोह के चीफ गेस्ट उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रहे।
अपने जमाने की बॉलीवुड टॉप एक्ट्रेस में एक पूनम ढिल्लों को भी इन्वर्टिस के दीक्षांत समारोह में डॉक्टरेट ऑफ आर्ट्स की उपाधि से नवाजा गया। पूनम ढिल्लों ने इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए यह डिग्री मिलना बड़े सौभाग्य की बात है। पूनम ने अपने दिल की बात शेयर करते हुए बताया कि वह हमेशा से चाहती थीं कि उनके नाम के आगे डॉक्टर लगे, लेकिन वह बन गई थीं एक्ट्रेस तो नाम के आगे डॉक्टर लगता भी तो कैसे? पूनम ढिल्लों ने बताया कि वह डॉक्टर्स के परिवार से हैं, वह अकेली ऐसी हैं, जिनके नाम के आगे डॉक्टर नहीं लगा था, लेकिन आज इस सम्मान के बाद उनकी अधूरी इच्छा पूरी हो गई।
दुनिया के कोने-कोने में घूमे ब्रेट ली पर बरेली में वो मिला जिसके बारे में कभी न सोचा था
पहली बार बरेली आए ब्रेट ली जब यूपी की टॉप यूनिवर्सिटी इन्वर्टिस के दीक्षांत समारोह को संबोधित करने पहुंचे तब कार्यक्रम में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों, अमेरिका के सेलिस्बरी की मेयर करेन एलेक्जेन्डर, अमेरिका के ही लिविंगस्टोन कॉलेज के टोनी बाल्डविन समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद थी। ब्रेट ली के स्टेज पर आते ही सैकड़ों तालियां बज उठीं। फैंस बार-बार उनका नाम पुकार रहे थे। फैंस का प्यार देखकर ब्रेट ली को लगा ही नहीं कि वह इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के सभागार में हैं, क्योंकि माहौल एकदम स्टेडियम जैसा हो गया था। ब्रेट ली आए और सबसे पहले हिंदी में लोगों से हाल-चाल पूछा। इसके बाद उन्होंने कहा, '23 साल तक विश्व के कोने-कोने में हजारों लाखों दर्शकों के सामने खेलते समय मुझे कभी ख्याल नहीं आया कि एक दिन मुझे डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया जायेगा।'