UDISE+ Report : देश भर के सरकारी स्कूलों में कोविड-19 के प्रकोप के बाद से लगातार दूसरे वर्ष नामांकन में वृद्धि देखी जा रही है। जबकि निजी स्कूलों में गिरावट देखी गई है। यह जानकारी सोमवार को संसद में रखी गई। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि कोरोना महामारी के बाद लगातार दूसरे साल सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ा है जबकि निजी स्कूलों के नामांकन में गिरावट आई है।
मंत्री ने बताया कि स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग (डीओएसईएल), शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा प्रदान की गई स्कूली शिक्षा के संकेतकों पर डेटा रिकॉर्ड करने के लिए यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस (UDISE+) सिस्टम विकसित किया गया है। यूडीआईएसई+ रिपोर्ट में दर्ज आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 के दौरान सरकारी स्कूलों में नामांकन 13.09 करोड़ था। जो कि 2020-21 में यह बढ़कर 13.49 करोड़ और अब 2021-22 में 14.32 करोड़ हो गई।
शिक्षा मंत्रालय (एमओई) के आंकड़ों के अनुसार, निजी स्कूलों में नामांकन वर्ष 2019-20 में यह 9.82 करोड़ था, जिससे घट कर 2020-21 में 9.51 करोड़ रह गया था और अब 2021-22 के दौरान इससे भी घट कर 8.82 करोड़ रह गया है। मंत्री ने कहा कि इस अवधि के दौरान सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी और अन्य स्कूलों में शिक्षकों की संख्या में भी गिरावट आई है। हालांकि, यह सब मामले राज्य सरकारों के अधीन आते हैं।