स्कूल स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है। उनके लिए एक खास टीवी चैनल की शुरुआत की गई है। इस चैनल पर आने वाले कार्यक्रम स्टूडेंट्स को उनकी पढ़ाई और शिक्षा को बेहतर व आसान बनाने में मदद करेंगे। यह चैनल तमिलनाडु सरकार द्वारा लॉन्च किया गया है।
विज्ञापन
तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को शिक्षा से संबंधित इस विशेष टीवी चैनल की शुरुआत की है। इस चैनल का नाम है ‘काल्वी थोलाइक्काटची’, यानी एजुकेशन टीवी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने स्कूल शिक्षा विभाग की पहल पर इस चैनल की शुरुआत की है। इसका लक्ष्य पहली कक्षा से लेकर 11वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को सुगम बनाना है।
जानकारी दी गई है कि इस चैनल के लिए स्कूली बच्चों को ध्यान में रख कर कार्यक्रम बनाए जाएंगे। ऐसे कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा जिससे विद्यार्थियों को उनके विषय वस्तु की चीजें रोचक तरीके से समझाई जा सकें।
इतना ही नहीं, तमिलनाडु सरकार के अनुसार, इस चैनल पर शिक्षा के साथ-साथ नौकरियों व इससे संबंधित अन्य कई जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शिक्षा मंत्री केए सेंगकोट्टायन ने लॉन्च कार्यक्रम में कहा कि अब बच्चे घर पर बैठकर भी सीख सकेंगे।