शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नीट के छात्रों और उनके अभिभावकों से बातचीत करते हुए
- फोटो : ANI
NEET-UG Row: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नीट के कुछ छात्रों और उनके माता-पिता से बातचीत की। शिक्षा मंत्री ने उनसे मिलकर उनका पक्ष सुना और पारदर्शी प्रक्रिया का पालन किए जाने का आश्वासन दिया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "आज जो छात्र हमसे मिलना चाहते थे, मैंने उन्हें बुलाया, उनके माता-पिता भी आए, मैं उनसे मिला।"
शिक्षा मंत्री ने कहा, "मैंने उनका पक्ष सुना और मैंने उन्हें बेहतर महसूस कराया। सरकार प्रतिबद्ध है, और सभी छात्रों को यह आश्वासन मिलना चाहिए कि एक पारदर्शी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। 24 लाख छात्र आवेदक थे, और 23 लाख 30 हजार छात्रों ने परीक्षा दी है।"
उन्होंने कहा कि ग्रेस मार्क्स को लेकर, ग्रेस मार्क्स देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फॉर्मूले सहित अन्य मुद्दों और अनियमितताओं को देखकर छात्रों के मन में शंकाएं उठना स्वाभाविक है। जिन्हें अंततः ठीक कर लिया गया है।
प्रधान ने आगे कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने कल उन्हें फिर से परीक्षा देने की अनुमति दी, उन्हें सूचित कर दिया गया है। जो लोग परीक्षा देना चाहते हैं, वे वहां भी परीक्षा दे सकते हैं। आज जो छात्र हमसे मिलना चाहते थे, मैंने उन्हें बुलाया, उनके माता-पिता भी आए, मैं उनसे मिला।"