कोरोना वायरस की वजह से दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की परीक्षाएं स्थगित हो गई हैं। डीयू एसओएल की परीक्षाएं 4 अप्रैल और 5 अप्रैल से होने वाली थी जो कि अब टाल दी गई हैं। इन परीक्षाओं को देश में कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए चल रहे 21 दिन के लॉकडाउन की वजह से स्थगित किया गया है।
लॉकडाउन की वजह से दिल्ली यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के बीए और बीकॉम की परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। बीकॉम की वार्षिक परीक्षाएं चार अप्रैल और बीए की वार्षिक परीक्षाएं पांच अप्रैल से होनी थी, लेकिन अब इन परीक्षाओं को टाल दिया गया है। अभी इन परीक्षाओं की आगामी तारीख जारी नहीं की गई है।
ऐसे में इन परीक्षाओं के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी के लिए विद्यार्थी एसओएल की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहे। आपको बता दें कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए इस वक्त देश में 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है जो कि 14 अप्रैल को खत्म होगा। ऐसे में अप्रैल में होने वाली कई परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। देश के विभिन्न राज्य अपने यहां होने वाली दसवीं और 12वीं की परीक्षाओं को पहले ही रद्द कर चुके हैं। कई प्रतियोगिता परीक्षाओं को भी रद्द किया गया है। महाराष्ट्र से लेकर गुजरात समेत कई राज्यों ने अपने यहां पहली से लेकर आठवीं एवं नौवीं तक के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के अगली कक्षा में प्रमोट करने का आदेश जारी किया है।