75 हजार छात्रों ने किया फीस का भुगतान
डीयू के एसओएल में पंजीकरण करा चुके 2.20 लाख में से 75 हजार छात्रों ने फीस का भुगतान कर दाखिला पक्का कर लिया है। बीते वर्षों में पंजीकरण करने वालों की संख्या 1.70 लाख से लेकर 1.80 लाख तक रही है। इसमें से करीब 1.20 लाख छात्र दाखिला ले लेते हैं।
छात्रों के लिए आकर्षण क्यों बढ़ा?
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (सीओएल) की निदेशक प्रो पायल मागो ने बताया कि अब तक छात्रों से दाखिले को लेकर अच्छा रिस्पांस मिला है। फिर वह चाहें नए कोर्सेज हों या पुराने। अभी नियमित कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। इसके समाप्त होने के बाद छात्र दाखिला नहीं होने पर एसओएल का ही रुख करेंगे।
प्रो मागो ने कहा कि ऐसे में हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल दाखिला लेने वालों की संख्या 1.59 लाख तक चली जाए। यदि ऐसा होता है तो हमारे यहां यह दाखिले का एक रिकॉर्ड होगा। उन्होंने कहा कि आवेदन करने वालों की संख्या इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि दाखिला पोर्टल सुचारु रूप से चल रहा है, छात्रों के पास दाखिला लेने वाले प्रोग्राम के ज्यादा विकल्प हैं।
इस बार उन्हें पहले से पता है कि उन्हें पहले से अंतिम वर्ष तक क्या पढ़ना है। एसओएल में बीए प्रोग्राम में ही सर्वाधिक दाखिले हो रहे हैं। इस प्रोग्राम की योग्यता सिर्फ 12वीं में पास होना है। इसलिए इस कोर्स में सबसे ज्यादा दाखिले होते हैं।