दिल्ली विश्वविद्यालय में सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के दाखिले का सपना अब भी पूरा हो सकता है। इनके लिए छठी कटऑफ जारी नहीं होगी, बल्कि पांच कटऑफ में दाखिला लेने से चूके सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों को ही दाखिले का मौका मिलेगा।
डीयू प्रशासन आरक्षित श्रेणियों (एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस व कश्मीरी विस्थापित) की सीटों को भरने के लिए स्पेशल ड्राइव शुरूकर रहा है, जिसके तहत एक अगस्त को इन श्रेणियों के लिए छठी कटऑफ जारी होगी। इस कटऑफ में दाखिला लेने के लिए 29 व 30 जुलाई तक उन्हें अपनी श्रेणी में बदलाव करने की भी सुविधा दी गई थी। कॉलेज दाखिला समिति से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, सामान्य श्रेणी के ऐसे विद्यार्थी जो अपने अंकों के आधार पर पहले आई कटऑफ में दाखिला नहीं ले सके, उन्हें दाखिले का मौका मिलेगा। हालांकि, इनके लिए अलग से कटऑफ नहीं निकाली जाएगी। पहले जारी कटऑफ के आधार पर ही सीट खाली होने पर ही उन्हें दाखिला दिया जाएगा।
इस सुविधा को ऐसे समझा जा सकता है, मसलन सामान्य श्रेणी के किसी विद्यार्थी ने पहली कट ऑफ व दूसरी कट ऑफ में दाखिला नहीं लिया तो उसे एक अगस्त को दाखिला मिल सकेगा। दो अगस्त को उन विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर मिलेगा जिन्होंने तीसरी व चौथी कट ऑफ में दाखिला नहीं लिया था, या किसी कारण से चूक गए थे। तीन अगस्त को ऐसे विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे जो कि पांचवीं कटऑफ में दाखिला नहीं ले सके थे। कॉलेजों को साफ कर दिया गया है कि उन्हें पांचवीं कटऑफ से नीचे नहीं जाना है। सभी श्रेणियों में सीटें खाली रहने पर सातवीं कटऑफ 6 अगस्त को निकाली जाएगी, जिसके आधार पर 8 अगस्त तक दाखिले होंगे।
यह भी पढ़ें- नए कोर्सेज शुरू कर रहा है गृह मंत्रालय, इसी सत्र से ले सकेंगे दाखिला