दिल्ली विश्वविद्यालय में अब बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम व अन्य कोर्सेज में दाखिले की राह आसान होगी। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार डीयू ने विभिन्न कोर्सेज के लिए योग्यता मानकों में बदलाव कर दिया है। अब कोर्सेज में बीते साल के मानकों के अनुसार ही दाखिले होंगे। बीकॉम ऑनर्स में दाखिले के लिए गणित में 50 फीसदी या उससे अधिक अंकों की अनिवार्यता समाप्त हो गई है। बीते साल मानकों के अनुसार इस बार भी 12वीं कक्षा में गणित या बिजनेस मैथमेटिक्स में पास होना जरूरी होगा। वहीं दाखिले के लिए न्यूनतम अंकों में भी कमी कर दी गई है।
डीयू ने इस बार के दाखिले में गणित में कम से कम 50 फीसदी अंक होने अनिवार्य कर दिए थे। इसके साथ ही न्यूनतम योग्यता को 45 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया था, लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद अब डीयू बीते साल के मानकों के आधार पर ही दाखिला देगा। बीकॉम ऑनर्स में न्यूनतम अंकों के रूप में 45 फीसदी अंक चाहिए होंगे, जबकि बीकॉम में दाखिले के लिए 12वीं में चालीस फीसदी अंकों के साथ पास होना जरुरी है। इसके अलावा कट ऑफ में जगह बनानी होगी।
इसी तरह से बीएससी ऑनर्स मैथमेटिक्स स्टेटिक्स में दाखिले के लिए गणित में 60 फीसदी अंकों की अनिवार्यता की गई थी, लेकिन अब पुराने मानकों के अनुसार ही इसमें भी दाखिला होगा। बारहवीं में गणित में अब पचास फीसदी अंक जरूरी है। अब बारहवीं में कुल 45 फीसदी अंक जरूरी होंगे, जबकि इस बार इसे बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया गया था। इसी तरह से बीएससी ऑनर्स एंथ्रोपोलॉजी, बायो लॉजिकल साइंस, बॉटनी, माइक्रो बायोलॉजी व जूलॉजी में दाखिले के लिए 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी-बायो केमिस्ट्री, बायो टेक्नोलॉजी में कम से कम 60 फीसदी अंकों की अनिवार्यता कर दी गई थी, लेकिन अब बीते साल के समान इन विषयों में कुल 55 फीसदी अंक होने पर भी छात्र दाखिले के योग्य होंगे। साथ ही कट ऑफ में जगह बनानी होगी। इसी तरह से अन्य कोर्सेज में भी पुराने मानकों को ही लागू किया गया है।