ऐसे करता है काम
‘डोनर ऑन कॉल’ एक मोबाइल एप है, जिससे रक्तदान के इच्छुक व्यक्ति रक्तदाता के रूप में जुड़े रहते हैं। यदि कहीं किसी अस्पताल में किसी को रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो वह यह एप डाउनलोड कर रिक्वेस्ट भेज सकता है। एप उसे नजदीकी रक्तदाता से जोड़ता है, जिसके बाद रक्तदाता और जरूरतमंद एक दूसरे से कनेक्ट हो सकते हैं। रक्तदाता संबंधित अस्पताल पहुंचकर मरीज को तुरंत रक्तदान कर सकता है। रक्तदाता कम होने के कारण यह एप अभी सिर्फ सरकारी अस्पतालों को प्राथमिकता देता है।
ऐसे आया आइडिया
प्रताप चंदानी ने बताया कि उनकी मां को कैंसर था, जिन्हें समय-समय पर खून चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती थी। मां के जाने के बाद वह कुछ ऐसा करना चाहते थे, जिससे खून की आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तुरंत खून उपलब्ध हो सके। साथ ही ब्लडबैंक में खून एक्सपायर भी न हो, इसलिए उन्होंने अपने एक डॉक्टर दोस्त की मदद से इस एप का निर्माण किया।
अन्य सामाजिक कार्यों में भी योगदान
प्रताप चंदानी ने बताया कि उन्होंने अपने परिचितों के सहयोग से ग्रीन शक्ति नाम का एक संगठन बनाया हुआ है। उनके संगठन ग्रीन शक्ति में कई उच्च शिक्षा प्राप्त लोग जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम अधिकांश साइकिल से ही चलते हैं और लोगों को भी साइकिल से चलने के लिए प्रेरित करते हैं, क्योंकि साइकिल के प्रयोग से हम पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही साथ हम अक्सर विभिन्न कैंपेन के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं। हमारी टीम पर्यावरण संरक्षण के लिए सोशल मीडिया माध्यम के जरिये भी लोगों को लगातार प्रभावित करती है।