स्कूल शिक्षा निदेशालय, पुडुचेरी ने प्रदेश के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को कक्षा 1 से लेकर 9 तक के छात्रों को सत्र 2021-22 के लिए अगली कक्षा में प्रमोट करने का निर्देश दिया है। निदेशालय ने इसे लेकर नोटिस भी जारी किया है। इसमें पुडुचेरी सरकार ने पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र के सभी स्कूलों को छात्रों को पास कर के अगली कक्षा में प्रमोट करने का निर्देश दिया है।
जारी किए गए नोटिस में, पुडुचेरी सरकार ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे सभी छात्रों का परिणाम पदोन्नति मानदंड (सभी पास) के अनुसार तैयार करें और संबंधित निरीक्षकों को जमा करें। स्कूलों को छात्रों को विषयवार अंक देने होंगे और पूरा प्रमोशन चार्ट बनाकर निरीक्षण के लिए जमा करना होगा। स्कूलों को परिणाम को तैयार कर के 15 मई, 2022 तक जमा करने हैं। नोटिस में स्कूलों को यह सुनिश्चित करने की भी सख्त सलाह दी गई है कि प्रोमोट करने के दौरान कोई भी छात्र किसी भी कारण से छूटे नहीं। जैसे उपस्थिति में कमी हो या फीस का भुगतान न करना आदि।
इस तारीख को समाप्त हो रहे हैं सत्र
पुडुचेरी में कक्षा 1 से 9 तक के शैक्षणिक सत्र की अंतिम तिथि 29 अप्रैल, 2022 है। वहीं, कक्षा 10वीं के लिए अंतिम कार्य दिवस 30 मई, 2022 और कक्षा 12 के लिए 28 मई, 2022 है। इसके साथ ही कक्षा 1 से 9 तक के छात्रों के लिए गर्मी की छुट्टियां 30 अप्रैल, 2022 से शुरू होंगी।