सिडनी में धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यक्रम को किया संबोधित।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय शिक्षा व कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को आईआईटी दिल्ली का अबूधाबी कैंपस का दौरा करते हुए कहा कि यह भारत और यूएई दोस्ती का प्रतिरूप है। आईआईटी अबूधाबी कैंपस में जनवरी 2024 सत्र से पहला मास्टर कोर्स ‘’ एनर्जी ट्रांजिशन’’ और सस्टैनबिलिटी में शुरू किया जाएगा। प्रधान ने तीन दिवसीय यूएई यात्रा के दूसरे दिन यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद से मुलाकात भी की। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच मजबूत और स्थायी संबंधों पर जोर दिया।
अबूधाबी में आयोजित बैठक में भारत और यूएई के बीच लंबे समय से चले आ रहे स्थायी मैत्री संबंधों के साथ-साथ मजबूत व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर प्रमुखता से ध्यान केंद्रित किया गया।
इसमें शिक्षा के क्षेत्र पर विशेष जोर दिया गया। प्रधान ने प्रारंभिक शिक्षा राज्य मंत्री और अध्यक्ष (एडीईके) सारा मुसल्लम से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आईआईटी अबू धाबी कैंपस को आगे बढ़ाने में सारा मुसल्लम का सहयोग सराहनीय है। इस कैंपस से भारत की शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण के हमारे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है। इससे आपसी समृद्धि और वैश्विक कल्याण के लिए ज्ञान की शक्ति का लाभ उठाने के ढेर सारे अवसर खुलेंगे।