दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2019-20 में दाखिले के लिए जल्द ही शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया के लिए दस्तावेज तैयार करने की सलाह दी है। प्रशासन ने छात्रों को आगाह किया है कि यदि वह ऑनलाइन फॉर्म भरते समय फर्जी दस्तावेज अपलोड करते हैं तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। साथ ही दस्तावेज अपलोड नहीं करने पर फॉर्म का प्रिव्यू भी नहीं देख सकेंगे।
डीयू में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय दस्तावेज को दाखिला पोर्टल पर अपलोड करना होगा। प्रशासन का कहना है कि इसके लिए छात्रों को अपने सभी दस्तावेज किसी लैपटॉप या डेस्कटॉप पर पहले से ही स्कैन कर के रखने होंगे। सभी दस्तावेज पर छात्रों के खुद के हस्ताक्षर होने चाहिए व स्वयं सत्यापित होने चाहिए। छात्रों को अपनी 10-50 केबी की पासपोर्ट साइज फोटो भी तैयार रखनी होगी। इसके साथ ही छात्र को अपने 10-50 केबी साइज में अपने हस्ताक्षर स्कैन करके रखने होंगे। यदि आवेदन के समय यह प्रमाणपत्र आवेदक के पास नहीं है तो इसके लिए छात्र इनकी स्लिप (प्रमाणपत्र आवेदन स्लिप) भी भर सकता है। वह मूल दस्तावेज को आवेदन के समय जमा करा सकता है। कॉलेज में उसके दस्तावेज का वेरिफिकेशन होगा।
इन दस्तावेज को रखना है तैयार -
- स्वयं सत्यापित दसवीं का जन्म प्रमाण पत्र।
- स्वयं सत्यापित बारहवीं बोर्ड की अंक तालिका।
- आवेदक के नाम एससी, एसटी, कश्मीरी विस्थापित, पीडब्ल्यूडी श्रेणी के प्रमाणपत्र।
- आवेदक के नाम ओबीसी का नॉन क्रीमी लेयर प्रमाणपत्र।
- एसडीएम कार्यालय से जारी ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र।
- स्पोर्ट्स व ईसीए के स्वयं सत्यापित प्रमाणपत्र।