Delhi Nursery Admission: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निजी स्कूलों ने नर्सरी में दाखिले के लिए आवेदनों की छंटनी कर दस्तावेजों का सत्यापन शुरू कर दिया है। कई स्कूल अभिभावकों को दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बुला रहे हैं। वहीं, कुछ स्कूल जनवरी के पहले सप्ताह में बुलाना शुरू करेंगे। दाखिले की पहली सूची 17 जनवरी को जारी होगी।
सरदार पटेल स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 1871 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनमें से 672 को शॉर्टलिस्ट कर 27 से 30 दिसंबर के बीच सत्यापन के लिए बुलाया गया। इसी तरह से अन्य स्कूल भी अभिभावकों को बुला रहे हैं। पहली सूची से पहले स्कूल 10 जनवरी को मानकों में मिले अंकों के आधार पर बच्चों की सूची जारी करेंगे।
अभिभावकों ने लगाया डोनेशन का आरोप
इससे यह स्पष्ट होगा कि किस क्राइटेरिया के तहत बच्चों को कितने अंक मिले हैं। वहीं, अभिभावकों का आरोप है कि सत्यापन के लिए दौरान डोनेशन देकर सीट लेने के लिए कहा जा रहा है। कई स्कूलों में उनकी मासिक आय पूछी जा रही है। वहीं, जिन माता-पिता के आधार कार्ड का पता अलग-अलग है, उन्हें सत्यापन प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है।
दूसरी सूची 3 फरवरी को आएगी
निजी स्कूलों ने नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चें का विवरण अपलोड करने का समय 3 जनवरी तक का होगा। वहीं बच्चों के मार्क्स अपलोड करने का समय 10 जनवरी तक का होगा। प्रथम सूची को लेकर पैरेंट्स के समाधान 18-27 जनवरी तक लिए जाएंगे। इसके बाद यदि आवश्यकता हुई तो चयनित नर्सरी छात्रों की दूसरी सूची 3 फरवरी, 2025 को जारी की जाएगी और प्रवेश प्रक्रिया आधिकारिक रूप से 14 मार्च, 2025 को समाप्त होगी।
निजी स्कूलों में ईडब्ल्यूएस के लिए 25% सीटें आरक्षित
निजी स्कूलों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूहों (डीजी) और विकलांग बच्चों के लिए अपनी 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित करनी होती हैं। सर्कुलर के अनुसार, इन श्रेणियों के लिए अलग-अलग प्रवेश सूचियां प्रकाशित की जाएंगी।
लिस्ट में नाम आने के बाद जाना होगा स्कूल
ये पूरा प्रोसेस एडमिशन के लिए आवेदन का है, जिसके बाद आखिर में बच्चों को स्कूलों में दाखिला मिलेगा। जिन बच्चों का पहली और दूसरी लिस्ट में नाम आएगा उन्हें मार्च 2025 में एडमिशन दिया जाएगा। जिसकी पूरी जानकारी स्कूल की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर भी मिलेगी।