Delhi Nursery Admission: दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी कक्षा में दाखिले के लिए अभिभावकों की भागम-भाग फिर से शुरु हो गई है। पहली सूची में चयनित बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावकों को अब फीस का भुगतान करना है। वहीं दूसरी सूची जारी होने पर यह फीस की फांस अभिभावकों को परेशान करेगी। दरअसल स्कूलों को फीस रिफंड पॉलिसी को स्पष्ट करना होता है। अभिभावकों का कहना है कि उन्हें फीस जमा कराने पर कहा जा रहा है कि फीस वापस नहीं होगी।
अभिभावकों का कहना है कि कोई स्कूल कह रहा है फीस रिफंड नहीं होगी तो कोई कह रहा है कि अभी फीस रिफंड को लेकर कोई पॉलिसी नहीं है। निजी स्कूलों में पहली सूची जारी होते ही फीस जमा कराने का दौर भी शुरु हो गया है, लेकिन यहां फीस ही परेशानी बन रही है। अभिभावकों से कहा जा रहा है कि फीस रिफंड को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं आए हैं।