अस्पतालों में प्रदर्शन करते रेजिडेंट डॉक्टर
- फोटो : Forda India
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के कारण नीट पीजी काउंसलिंग में हो रही देरी से नाराज फोर्डा की हड़ताल अब थमने वाली है। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन, फोर्डा इंडिया ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया के आश्वासनों का सम्मान करते हुए और राज्यों की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के साथ सोमवार की आभासी बैठक में बनी सहमति के बाद, यह निर्णय लिया गया है कि आंदोलन अब आगे नहीं बढ़ाया जाएगा और हम शुक्रवार, 3 दिसंबर, 2021 तक सकारात्मक परिणाम की प्रतीक्षा करेंगे।
नीट पीजी 2021 प्रवेश परीक्षा और काउंसलिंग में ईडब्ल्यूएस आरक्षण की आय सीमा के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के कारण नीट पीजी काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। इससे अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों के नए बैच आने में भी देरी होगी और रेजिडेंट डॉक्टरों पर काम का दबाव अधिक बढ़ जाएगा। इसे लेकर सभी राज्यों की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन भी खफा हैं और उन्होंने फोर्डा की देशव्यापी हड़ताल को अपना पूरा समर्थन दे दिया था। इससे बीते तीन दिनों में कई राज्यों के अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद रहीं।