NEET PG 2023 परीक्षा पांच मार्च को होनी है
नीट पीजी चिकित्सा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एमडी (MD) और एमएस (MS) में दाखिलों के लिए एक प्रवेश कम पात्रता परीक्षा है। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट - पोस्ट ग्रेजुएट (NEET-PG) देने के लिए उम्मीदवारों को एमबीबीएस (MBBS) होना जरूरी है। इसके साथ ही उनका चिकित्सा स्नातकों के लिए अनिवार्य इंटर्नशिप पूरी किए होना भी जरूरी है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन ने नीट पीजी परीक्षा की तारीख पांच मार्च, 2023 तय की है और इसके नतीजे 31 मार्च, 2023 तक जारी कर दिए जाएंगे।
NEET PG इंटर्नशिप पूरी नहीं हुई तो काउंसलिंग में मौका नहीं
लेकिन छात्र जुलाई में होने वाली मेडिकल काउंसलिंग प्रक्रिया में तब तक भाग नहीं ले पाएंगे जब तक कि वे अपनी एक साल की इंटर्नशिप पूरी नहीं कर लेते। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने अनिवार्य मेडिकल इंटर्नशिप पूरा करने की कट-ऑफ तारीख 31 मार्च से 30 जून, 2023 तक बढ़ा दी है।
NEET इंटर्नशिप पूरी करें या पीजी की तैयारी
हालांकि, मेडिकल छात्र अब नीट पीजी 2023 को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। इसके पीछे मेडिकल ग्रेजुएट कई कारण बता रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा कारण तो यही है कि वे अपनी इंटर्नशिप पूरी करें या नीट पीजी परीक्षा की तैयारी। इसके कारण छात्र तनाव में हैं। जबकि परीक्षा साल में एक बार ही होती है। इसलिए चिकित्सा स्नातक सरकार से नीट पीजी परीक्षा दो माह तक टालने की मांग कर रहे हैं। इसके समर्थन में डॉक्टर्स के कई संगठन जैसे UDAIndia और FAIMA भी हैं।
NEET PG डॉक्टर्स एसोसिएशन भी समर्थन में उतरीं
यूनाइटेड डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (UDAIndia) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लक्ष्य मित्तल का कहना है कि इंटर्नशिप पूरी नहीं होने और तैयारी का पर्याप्त समय न मिलने के कारण करीब 10 हजार चिकित्सा स्नातक उम्मीदवार इस साल परीक्षा में शामिल होने चूक जाएंगे। बाद में हर साल की तरह काउंसलिंग सीट खाली रही जाएंगी। इससे दोहरा नुकसान है। देश के चिकित्सा संसाधनों की बर्बादी भी और छात्रों का नुकसान भी, इसलिए परीक्षा को टालना ही चाहिए। क्योंकि जल्दबाजी में परीक्षा करवाने से उम्मीदवारों में तनाव बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति उन्हें नकारात्मक और गलत कदम उठाने को उकसा सकती है।
NEET PG 2023 परीक्षा टालने की जरूरत ऐसे समझें
वहीं, यूडीए-आई (UDAIndia) की ओर से डॉ लक्ष्य मित्तल का कहना है कि परीक्षा के बाद से काउंसलिंग तक एक लंबा अंतराल है जिसमें छात्र निष्क्रिय रहेंगे। इसलिए, उनका अनुरोध हैं कि NEET PG 2023 परीक्षा को छह से आठ सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया जाए। इससे उन्हें अपनी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी और अपनी इंटर्नशिप भी पूरी कर सकेंगे।