आईआईटी कानपुर का इंटरनेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस कांटेस्ट वीक 10 से
न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी अमेरिका और आईआईटी कानपुर के इंटरनेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस कॉन्टेस्ट वीक (10, 11, 12, 13 नवंबर ) मेें हिस्सा लेने वाले स्टूडेंटों को जॉब भी मिलेगी। इसके लिए रिलायंस, निबिटी और एनटीआरओ सरीखी कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। कांटेस्ट के रिजल्ट के हिसाब से ही कंपनियां रिटेन टेस्ट और इंटरव्यू कराएंगी, फिर अच्छे सालाना वेतन पैकेज पर जॉब देंगी। ऐसा पहली बार होगा। साइबर सिक्योरिटी की प्रतियोगिता भारत में पहली बार कराई जा रही है।
अगस्त में हुए साइबर सिक्योरिटी के ऑनलाइन प्री टेस्ट में देश, विदेश के 150 प्रौद्योगिकी और तकनीकी संस्थान की टीमों ने हिस्सा लिया था। स्क्रीनिंग के बाद इसमें से 12 टीमों का चयन किया गया है। हर टीम में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के चार-चार स्टूडेंट हैं। आईआईटी कानपुर में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि अब इन्हीं स्टूडेंटों का ऑनलाइन टेस्ट होगा। रिजल्ट 12 और 13 नवंबर को आएंगे। विस्तृत जानकारी वेबसाइट csaw.iitk.ac.in से प्राप्त की जा सकती है। स्टूडेंटों की टीमें नौ नवंबर से आईआईटी पहुंचने लगेंगी। कांटेस्ट के दौरान पेपर और पोस्टर प्रजेंटेशन भी होगा। ऑनलाइन कंप्टीशन के विजेताओं को कैश प्राइज भी मिलेगा। पहला पुरस्कार 30 हजार रुपये, दूसरा 20 हजार और तीसरा पुरस्कार 10 हजार रुपये का है।
ये हैं टीमें
आईआईटी कानपुर की दो टीमें, आईआईटी रुड़की, आईआईटी इंदौर, अमृता यूनिवर्सिटी कोयंबटूर और अमृतपुरी यूनिवर्सिटी केरल, कर्नाटक नेशनल इंस्टीट्यूट टेक्नोलॉजी, ट्रिपल आईटी इलाहाबाद, ट्रिपल आईटी नई दिल्ली सहित अन्य।