22 छात्रों को तीन विषयों में मिला 100 पर्सेंटाइल स्कोर
CUET UG 2026 में बड़ी संख्या में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। एक उम्मीदवार ने चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया, जबकि 22 छात्रों ने तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए। इसके अलावा, 180 उम्मीदवारों ने दो विषयों में और 3,214 छात्रों ने एक विषय में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया।
इस वर्ष पांच विषयों में सबसे अधिक कुल NTA स्कोर 1232.19 दर्ज किया गया। वहीं, अकाउंटेंसी, इतिहास, मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) और ओड़िया जैसे विषयों में कई अभ्यर्थियों ने 250 तक के परफेक्ट या लगभग परफेक्ट स्कोर हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
11.64 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल
इस वर्ष CUET UG 2026 के लिए कुल 15,68,867 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 11,64,098 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पिछले वर्ष की तुलना में पंजीकृत उम्मीदवारों की संख्या में 15 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
वहीं, महिला उम्मीदवारों की संख्या में भी लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के बीच का अंतर पहले की तुलना में कम हुआ है।